रविदास नगर में पुलिस का जनसंवाद, नशे और अपराध के खिलाफ जागरूक हुई जनता

इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित रविदास नगर में पुलिस द्वारा जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में इंदौर पुलिस की टीम ने स्थानीय लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और नशा, अपराध, साइबर क्राइम तथा महिला सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया।

पुलिस अधिकारियों ने जनता से सीधे सुनी परेशानियां: एडिशनल डीसीपी प्रियंका डोडवे के नेतृत्व में पुलिस टीम रविदास नगर पहुंची। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों और विशेषज्ञों ने स्थानीय लोगों से बातचीत की और क्षेत्र से जुड़ी उनकी परेशानियों और चिंताओं को समझा। लोगों ने भी पुलिस के सामने अपनी समस्याएं और क्षेत्र की स्थिति साझा की।
युवाओं और बच्चों को नशे से दूर रहने की दी सीख: सब इंस्पेक्टर शिवम ठक्कर ने युवाओं और बच्चों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में समझाया। उन्होंने कहा कि नशे की शुरुआत से पहले ही उसे ना कहना जरूरी है। उन्होंने परिवारों से भी अपील की कि बच्चों को नशे से दूर रखने के लिए घर से ही जागरूकता की शुरुआत की जाए।
महिला सुरक्षा और परिवार की भूमिका पर भी चर्चा: कार्यक्रम में महिलाओं की सुरक्षा और परिवार की भूमिका को लेकर भी चर्चा हुई। पुलिस टीम ने महिलाओं को जागरूक करते हुए कहा कि परिवार में नशे जैसी समस्या को रोकने के लिए शुरुआत घर से ही करनी होगी। बच्चों को सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण देने के लिए परिवार के सभी सदस्यों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
साइबर क्राइम से बचाव की दी जानकारी: पुलिस टीम के अन्य सदस्यों ने साइबर अपराधों से बचाव के तरीकों की जानकारी दी। लोगों को बताया गया कि साइबर अपराध होने या किसी संदिग्ध गतिविधि का सामना करने पर समय रहते पुलिस की मदद लेना जरूरी है। साथ ही जरूरी हेल्पलाइन और पुलिस से संपर्क करने के तरीकों के बारे में भी जानकारी दी गई।

स्थानीय लोगों ने आयोजन को बताया जरूरी पहल: जन संवाद कार्यक्रम में शामिल स्थानीय लोगों ने पुलिस के इस प्रयास की सराहना की। लोगों ने बताया कि क्षेत्र में इस तरह का आयोजन पहली बार हुआ है। उन्होंने कहा कि पुलिस की टीम लगातार क्षेत्र में आकर जनता से संवाद करती रहे तो नशे और अपराध जैसी समस्याओं को लेकर जागरूकता बढ़ेगी और सकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकता है।


Comments are closed