जब समाज बना सहारा,अनाथ तान्या के जीवन में लौटी उम्मीद
अनाथ बच्ची की जिंदगी बदली! बस्ती फाउंडेशन और एक दानदाता ने तान्या के सपनों को दी नई उड़ान: मूसाखेड़ी की तान्या को मिला शिक्षा का नया सहारा
बस्ती फाउंडेशन द्वारा शहर के अनाथ एवं जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा को निरंतर बनाए रखने के लिए एक विशेष परियोजना संचालित की जा रही है। इस पहल के तहत ऐसे बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी समाज के दानदाताओं और उद्योगपतियों से जोड़कर उन्हें बेहतर भविष्य देने का प्रयास किया जाता है।

मूसाखेड़ी के शिव नगर में रहने वाली तान्या अपनी बुजुर्ग नानी के साथ रहती है। माता-पिता के साये के बिना तान्या का जीवन कई कठिनाइयों से भरा था। आर्थिक तंगी के कारण उसकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही थी। जब बस्ती फाउंडेशन को तान्या की स्थिति की जानकारी मिली, तब संस्था ने उसके लिए सहयोग की अपील की।
दीपिका कुमावत ने संभाली शिक्षा की जिम्मेदारी: बस्ती फाउंडेशन की अपील पर समाजसेवी और संस्था की दानदाता दीपिका कुमावत ने तान्या की शिक्षा का जिम्मा उठाया। पिछले तीन वर्षों से दीपिका जी तान्या की स्कूल फीस, शैक्षणिक आवश्यकताओं और अन्य जरूरी खर्चों का वहन कर रही हैं। उनके सहयोग से तान्या आज आत्मविश्वास के साथ अपनी पढ़ाई जारी रखे हुए है और अपने भविष्य के सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
हर खुशी में बनते हैं परिवार का हिस्सा: बस्ती फाउंडेशन केवल शिक्षा तक ही सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के जीवन की खुशियों में भी सहभागी बनता है। संस्था के माध्यम से तान्या का हर जन्मदिन और प्रमुख त्योहार प्रेम और उत्साह के साथ मनाया जाता है, जिससे उसे एक परिवार जैसा अपनापन और भावनात्मक सहयोग मिलता है।


Comments are closed